CG News: फर्जी दस्तावेजों से जमानत कराने वाली 3 महिलाएं गिरफ्तार

CG News: फर्जी दस्तावेजों से जमानत कराने वाली 3 महिलाएं गिरफ्तार

रायपुर, 29 जुलाई। CG News: न्यायालय में फर्जी ऋण पुस्तिका और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए आरोपियों की जमानत कराने के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने तीनों महिलाओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, रायपुर न्यायालय परिसर में फर्जी ऋण पुस्तिका तैयार कर आरोपियों की जमानत कराए जाने की शिकायत पुलिस को मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सेंट्रल जोन के डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने सिविल लाइन थाना पुलिस को आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर न्यायालय परिसर में कार्रवाई की।

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि तीन महिलाएं ऋण पुस्तिका में काट-छांट कर उसे फर्जी तरीके से तैयार कर आरोपियों की जमानत ले रही थीं। पूछताछ में तीनों महिलाओं ने फर्जी ऋण पुस्तिका तैयार कर विभिन्न न्यायालयों में आरोपियों की जमानत लेने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने तीनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 318, 338, 336, 340 और 238 समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की है। मामले में आगे की जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों में सुनीता देवी राजपूत (जिला रायगढ़), सरस्वती बाई सोनी (जिला दुर्ग) और मीना बाई कोरम (जिला राजनांदगांव) शामिल हैं।

रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय अथवा किसी भी शासकीय कार्यालय में फर्जी या कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत कर न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राज्य खबर