कोरबा, 4 अगस्त। CG News: छत्तीसगढ़ के औद्योगिक शहर कोरबा में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्र सरकार से स्वीकृत 40 नई ई-बसों के संचालन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अगस्त महीने के अंत तक सभी ई-बसें सड़कों पर दौड़ने लगेंगी, जिससे शहरवासियों को बेहतर और सुविधाजनक सफर की सुविधा मिलेगी।
योजना के तहत 40 ई-बसों में 20 बड़ी (9 मीटर) ई-बसें शहर के प्रमुख मार्गों पर चलेंगी, जबकि 20 मिनी (7 मीटर) ई-बसें संकरी सड़कों और कॉलोनियों के भीतर संचालित की जाएंगी। मिनी बसों के जरिए यात्रियों को कॉलोनियों से सीधे मुख्य मार्गों तक आसानी से पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
नई ई-बस सेवा शुरू होने से आम लोगों को सस्ता, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन मिलेगा। साथ ही डीजल और पेट्रोल वाहनों पर निर्भरता कम होने से प्रदूषण में भी कमी आएगी और शहर को स्वच्छ परिवहन व्यवस्था का लाभ मिलेगा।
जिला प्रशासन और नगर निगम ई-बसों के लिए चार्जिंग डिपो तैयार करने और रूट तय करने का काम तेजी से पूरा कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस नई व्यवस्था से शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और कोरबा की कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।


