CG News: मजबूत अधोसंरचना और उद्योग अनुकूल नीतियों से तेजी से आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़… सीएम विष्णुदेव साय

CG News: मजबूत अधोसंरचना और उद्योग अनुकूल नीतियों से तेजी से आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़… सीएम विष्णुदेव साय

रायपुर, 2 अगस्त। CG News: राजधानी रायपुर के लाभांडी स्थित निजी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026’ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा देशभर से आए टेंट एवं इवेंट उद्योग के प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी गतिविधियों और नवाचारों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार की नई उद्योग नीति के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में निवेश को नई गति मिल रही है और राज्य देश के सबसे उद्योग-अनुकूल एवं व्यापारिक राज्यों के रूप में तेजी से उभर रहा है। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि सरकार उद्योगों के विकास और व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।

उन्होंने कहा कि टेंट एवं इवेंट उद्योग विवाह, सामाजिक, सांस्कृतिक और शासकीय आयोजनों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह क्षेत्र लाखों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध करा रहा है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और ‘लखपति दीदी अभियान’ से जुड़ी महिलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वे टेंट व्यवसाय के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।

अधोसंरचना विकास पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भौगोलिक स्थिति व्यापार और लॉजिस्टिक्स के लिए बेहद अनुकूल है। उन्होंने बताया कि राज्य के 32 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिकीकरण किया जा रहा है। साथ ही कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना से व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम को विधायक अमर अग्रवाल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर टेंट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विपुल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह दुआ, रंजीत कौर दुआ सहित देशभर से आए टेंट एवं इवेंट उद्योग के व्यवसायी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

राज्य खबर