CG News: छत्तीसगढ़ में ‘मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026’… कलाकारों के लिए आवेदन शुरू

CG News: छत्तीसगढ़ में ‘मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026’… कलाकारों के लिए आवेदन शुरू

रायपुर, 06 अगस्त। CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की समृद्ध लोक कला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा लोक कलाकारों के आर्थिक सशक्तीकरण के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026’ की शुरुआत की है। संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय द्वारा इस योजना के तहत प्रदेश के पात्र लोक कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

योजना का उद्देश्य पारंपरिक लोक कलाओं को संरक्षित करना, लोक कलाकारों का सामाजिक सम्मान बढ़ाना और कला दलों के सतत विकास को प्रोत्साहित करना है। इसके तहत लोक नृत्य, लोक संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीतकार, वाद्ययंत्र वादक, शिल्पकार, पारंपरिक पाक कला और छत्तीसगढ़ी श्रृंगार कला से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकेंगे।

योजना के तहत चिन्हारी पोर्टल पर पंजीकृत और परीक्षण समिति द्वारा चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष 12 हजार से 24 हजार रुपए तक की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खाते में ई-पेमेंट के माध्यम से दी जाएगी। योजना का लाभ उन्हीं कलाकारों को मिलेगा जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपए से अधिक नहीं है।

इच्छुक कलाकार संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय की वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं या नया रायपुर स्थित कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों, जैसे आय प्रमाण पत्र, बैंक विवरण और आईएफएससी कोड के साथ 31 अगस्त 2026 तक पंजीकृत डाक के माध्यम से संचालनालय कार्यालय भेजना होगा। प्राप्त आवेदनों की जांच विशेषज्ञ समिति करेगी, जिसके बाद पात्र लाभार्थियों की सूची जारी की जाएगी।

राज्य खबर