रायपुर, 21 जुलाई। CG News: खरीफ मौसम 2026 के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को 31 जुलाई तक फसल बीमा कराने का मौका दिया गया है। जिला प्रशासन ने किसानों से समय पर बीमा कराकर योजना का लाभ लेने की अपील की है।
इस बार जिले में धान, मक्का, उड़द, मूंग, अरहर, मूंगफली, कोदो, कुटकी और रागी सहित 10 फसलों को योजना में शामिल किया गया है। ऋणी, अऋणी, भू-धारक, बटाईदार और वनपट्टाधारी किसान भी इस योजना का लाभ ले सकते हैं।
किसानों का फसल बीमा बजाज आलियांज जनरल इंश्योरेंस कंपनी के माध्यम से किया जाएगा। फसल के अनुसार किसानों को निर्धारित प्रीमियम राशि जमा करनी होगी।
अऋणी किसान आधार कार्ड, बैंक पासबुक, बी-1, पी-2 और फसल बुवाई प्रमाण पत्र के साथ नजदीकी सीएससी सेंटर, बैंक या लोक सेवा केंद्र में जाकर बीमा करा सकते हैं।
कृषि विभाग ने बताया कि फसल को नुकसान होने पर किसानों को 72 घंटे के भीतर कृषि रक्षक पोर्टल या टोल फ्री नंबर 14447 पर जानकारी देनी होगी।
विभाग ने किसानों से अपील की है कि मानसून की अनिश्चितता और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से बचाव के लिए अंतिम तिथि 31 जुलाई से पहले फसल बीमा जरूर कराएं।


