CG News: भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में छत्तीसगढ़ की दो बेटियां

CG News: भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में छत्तीसगढ़ की दो बेटियां

रायपुर, 07 अगस्त| CG News: छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (KISCE) की दो महिला हॉकी खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन जूनियर एशिया कप-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में आयोजित होगी, जहां दोनों खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली मधु सिदार साधारण किसान परिवार से हैं। उनके माता-पिता खेती करते हैं। मधु ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप, स्कूल नेशनल और इंटर जोन चैंपियनशिप सहित कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है।

वहीं, कबीरधाम जिले के बोड़ला की गीता यादव पहले से ही अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव रखती हैं। उन्होंने हॉकी की शुरुआती ट्रेनिंग कोच शिवा चौहान से ली। वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे पर पहली बार भारतीय टीम का हिस्सा बनने के बाद उन्होंने 2025 में अर्जेंटीना तथा 2026 में इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे पर भी भारत का प्रतिनिधित्व किया।

दोनों खिलाड़ियों के चयन पर खेल विभाग, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। साथ ही जूनियर एशिया कप-2026 में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

राज्य खबर स्पोर्ट