रायपुर, 20 जुलाई| CG Police Transfer: छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने राज्य पुलिस सेवा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) और उप पुलिस अधीक्षक (DSP) स्तर के 92 अधिकारियों का तबादला किया है। मंत्रालय (महानदी भवन) से जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक नई पदस्थापना पर नियुक्त किया गया है।
यह फेरबदल मुख्यमंत्री सुरक्षा, पुलिस मुख्यालय, सशस्त्र बल, नगर पुलिस अधीक्षक (CSP), अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और उप सेनानी सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर किया गया है। सरकार का कहना है कि पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से यह बदलाव किए गए हैं।
कई वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुसार ओ.पी. शर्मा को मुख्यमंत्री सुरक्षा में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। राजेंद्र प्रसाद भैया को पुलिस अधीक्षक, पीटीएस मैनपाट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संतोष महतो को पांचवीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जगदलपुर का सेनानी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा सुखनंदन राठौर को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) दुर्ग से बस्तर स्थानांतरित किया गया है। शोभराज अग्रवाल को मुख्यमंत्री सुरक्षा से हटाकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) दुर्ग बनाया गया है। राम कुमार बर्मन को रायपुर नगरीय में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं गायत्री सिंह को पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एएनटीएफ) नियुक्त किया गया है।
सुप्रतिभा तिवारी, उमेश कुमार कश्यप, चंद्रकांत गवर्ना, रितेश चौधरी और खोमन लाल सिन्हा सहित कई अन्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के प्रभार में भी बदलाव किया गया है।
DSP स्तर पर भी व्यापक फेरबदल
उप पुलिस अधीक्षक (DSP) और एसडीओपी स्तर पर भी बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं। स्नेहिल साहू को सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात), रायपुर नगरीय बनाया गया है। देवांश सिंह राठौर को दुर्ग भेजा गया है, वही निशांत पाठक को नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) भिलाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तिलेश्वर प्रसाद यादव को नगर पुलिस अधीक्षक, कोतवाली बिलासपुर तथा परमेश्वर तिलकवार को सिविल लाइन, बिलासपुर का CSP बनाया गया है। राहुल कुमार उईके को नगर पुलिस अधीक्षक, रायगढ़ नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा नक्सल प्रभावित जिलों सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर में कार्यरत ऑप्स (Ops) और डीआरजी (DRG) के कई उप पुलिस अधीक्षकों को मैदानी अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के रूप में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
राज्यपाल के नाम से जारी हुआ आदेश
गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी पदस्थापनाओं के लिए आवश्यक प्रशासनिक अनुमोदन प्राप्त कर लिया गया है। आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से उप सचिव राम प्रसाद चौहान द्वारा डिजिटल हस्ताक्षर के साथ जारी किया गया है। इसकी प्रतिलिपि मुख्यमंत्री सचिवालय, उप मुख्यमंत्री कार्यालय, पुलिस महानिदेशक (DGP), संबंधित आईजी और जिला कलेक्टरों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।


