रायपुर, 26 अक्टूबर। CG Politics News: छत्तीसगढ़ में भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी के दौरे को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उन पर छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं का अपमान करने का आरोप लगाया है। वहीं, भाजपा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए उसे अपने गिरेबान में झांकने की नसीहत दी है।
पारंपरिक माला को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो के आधार पर आरोप लगाया कि स्मृति ईरानी ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक माला पहनने से इनकार कर दिया। पार्टी ने इसे प्रदेश की संस्कृति और परंपराओं के प्रति अनादर बताते हुए स्मृति ईरानी से परंपराओं का सम्मान करने की बात कही।
पोस्टर के जरिए महंगाई पर साधा निशाना
कांग्रेस ने इस मामले में एक पोस्टर भी जारी किया, जिसमें लिखा, “स्मृति जी, फूल ही तो दे रहे हैं, गैस सिलेंडर का दाम थोड़ी पूछ रहे हैं।” इस टिप्पणी के जरिए कांग्रेस ने स्मृति ईरानी पर निशाना साधने के साथ ही महंगाई का मुद्दा भी उठाया।
लक्ष्मी वर्मा ने कांग्रेस को दिया जवाब
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांकने की नसीहत देते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपनी नेत्री के स्वागत के लिए कई किलोमीटर तक सड़क पर गुलाब की पंखुड़ियां बिछाई थीं।
लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि भाजपा की प्रभारी जमीन से जुड़ी हुई हैं और उन्हें छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपराओं और कार्यकर्ताओं का सम्मान करना अच्छी तरह आता है।


