Chhattisgarh News: फिंगरप्रिंट मैच नहीं होने पर भी मिलेगा राशन… खाद्य विभाग ने दी जानकारी

Chhattisgarh News: फिंगरप्रिंट मैच नहीं होने पर भी मिलेगा राशन… खाद्य विभाग ने दी जानकारी

रायपुर, 26 अक्टूबर। Chhattisgarh News: सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन लेने वाले हितग्राहियों के लिए राहत की खबर है। यदि राशन दुकान में फिंगरप्रिंट का मिलान नहीं होता है, तो भी पात्र हितग्राही नियमानुसार वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से राशन प्राप्त कर सकते हैं। रायपुर जिले के खाद्य नियंत्रक ने इस संबंध में स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा है कि केवल फिंगरप्रिंट मैच नहीं होने के आधार पर यह नहीं माना जा सकता कि हितग्राही को राशन नहीं मिलेगा।

नॉमिनी और OTP से राशन लेने की सुविधा

खाद्य विभाग के अनुसार, सार्वजनिक वितरण प्रणाली में बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण में परेशानी का सामना करने वाले हितग्राहियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था का प्रावधान है। इसके तहत पात्र हितग्राही नियमानुसार नॉमिनी यानी नामांकित व्यक्ति अथवा OTP आधारित प्रमाणीकरण के माध्यम से राशन प्राप्त कर सकते हैं।

बुजुर्गों को मिलेगी राहत

बढ़ती उम्र के कारण कई बुजुर्गों के फिंगरप्रिंट मशीन में सही तरीके से मैच नहीं हो पाते। ऐसे हितग्राहियों को राशन प्राप्त करने में परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था महत्वपूर्ण है। खाद्य नियंत्रक ने स्पष्ट किया कि फिंगरप्रिंट का मिलान नहीं होने से राशन नहीं मिलने संबंधी जानकारी भ्रामक और अधूरी है।

भ्रमित न हों हितग्राही

खाद्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे इस विषय में अधूरी जानकारी के आधार पर भ्रमित न हों। फिंगरप्रिंट मैच नहीं होने की स्थिति में हितग्राही संबंधित राशन दुकान या खाद्य विभाग से संपर्क कर नियमानुसार उपलब्ध वैकल्पिक प्रमाणीकरण प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इससे पात्र हितग्राहियों को राशन प्राप्त करने में सुविधा मिल सकेगी।

राज्य खबर