CG Politics: विकास कार्यों से नाराज BJP के 8 पार्षदों ने दिया इस्तीफा

CG Politics: विकास कार्यों से नाराज BJP के 8 पार्षदों ने दिया इस्तीफा

रायगढ़, 17 सितम्बर। CG Politics: रायगढ़ के पुसौर नगर पंचायत में भाजपा के भीतर स्थानीय स्तर पर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। नगर पंचायत के 8 भाजपा पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के लिए जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान को आवेदन सौंपा है।

पार्षदों की नाराजगी नगर पंचायत की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों को लेकर बताई जा रही है। उनका कहना है कि पानी, बिजली, सड़क और नाली जैसे बुनियादी कार्य अपेक्षा के मुताबिक नहीं हो रहे हैं। वहीं, पार्षद निधि से प्रस्तावित कार्यों में भी पर्याप्त प्रगति नहीं होने की बात कही गई है।

पुसौर नगर पंचायत में कुल 15 निर्वाचित वार्ड हैं और भाजपा के पास बहुमत है। ऐसे में 8 पार्षदों का एक साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का आवेदन देना स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि भाजपा संगठन इन इस्तीफों को स्वीकार करेगा या पार्षदों से बातचीत कर मामले को सुलझाने की कोशिश करेगा। फिलहाल सभी की नजरें भाजपा संगठन के अगले कदम और नगर पंचायत के कामकाज पर टिकी हैं।

News and Politics