CG Rojgar Mela: रायपुर में 7-8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेला

CG Rojgar Mela: रायपुर में 7-8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेला

रायपुर, 23 सितंबर। CG Rojgar Mela: छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से यह मेला 7 और 8 अक्टूबर 2026 को राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा। कार्यक्रम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में होगा।

रोजगार मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों में 8 हजार से अधिक पदों पर युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। विभाग ने प्रदेश के बड़े उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों को मेले में शामिल कर अधिक से अधिक रिक्तियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी हासिल करने के साथ रोजगार मेले के लिए अपना पंजीयन भी करा सकते हैं। राज्य और जिला स्तरीय रोजगार मेलों में चयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के हाथों ऑफर लेटर वितरित किए जाने की तैयारी है। इसके लिए जिलों से चयनित अभ्यर्थियों की सूची 1 अक्टूबर 2026 तक भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलों में ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है। साथ ही चयनित युवाओं की रोजगार मेले में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

शासन ने जिला स्तर पर विशेष प्रयास कर रोजगार मेले को सफल बनाने और प्रदेश के अधिकाधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया है।

स्पेशल