रायपुर, 21 अक्टूबर। CG Vidhansabha News: छत्तीसगढ़ विधानसभा को आगामी बजट सत्र से पहले पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस बनाने की तैयारी तेज हो गई है। इस पहल के तहत सदन में प्रत्येक विधायक की टेबल पर डिजिटल गैजेट्स और टैबलेट लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य विधानसभा की कार्यवाही को आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाना है।
विधानसभा के डिजिटाइजेशन का काम तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है, जबकि तकनीकी कार्यों की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसाइटी (CHiPS) को सौंपी गई है।
NeVA के तहत विकसित होगा हाईटेक ई-सदन
राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) के तहत छत्तीसगढ़ विधानसभा को आधुनिक ई-सदन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस व्यवस्था के लागू होने से विधायी कामकाज में कागजों का इस्तेमाल कम होगा और जरूरी दस्तावेज डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराए जा सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत विधायकों को मोबाइल ऐप पर सदन की कार्यसूची उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अलावा प्रश्न-उत्तर, बजट भाषण और विधानसभा की लाइव कार्यवाही जैसी सुविधाएं भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। इससे विधायकों को सदन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां आसानी से मिल सकेंगी।
‘वन नेशन, वन लेजिस्लेटिव प्लेटफॉर्म’ से जुड़ेगी विधानसभा
छत्तीसगढ़ विधानसभा को ‘वन नेशन, वन लेजिस्लेटिव प्लेटफॉर्म’ से जोड़ने की भी योजना है। इसके माध्यम से विधायी कामकाज को एकीकृत डिजिटल व्यवस्था के तहत संचालित करने में मदद मिलेगी।
यदि निर्धारित समयसीमा में यह परियोजना पूरी हो जाती है, तो विधानसभा की कार्यवाही में तकनीक का उपयोग बढ़ेगा। साथ ही दस्तावेजों के प्रबंधन, सूचनाओं की उपलब्धता और सदन के कामकाज को अधिक सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।


