Chhattisgarh: अहिवारा कॉलेज का नाम स्व. डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के नाम पर होगा… CM साय ने की घोषणा

Chhattisgarh: अहिवारा कॉलेज का नाम स्व. डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के नाम पर होगा… CM साय ने की घोषणा

भिलाई, 06 नबम्बर। Chhattisgarh: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को भिलाई-3 स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय पहुंचकर अहिवारा के दिवंगत विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने स्व. कोर्सेवाड़ा के योगदान को याद करते हुए अहिवारा स्थित शासकीय महाविद्यालय का नाम उनके नाम पर रखने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने स्व. कोर्सेवाड़ा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि समाज और प्रदेश के विकास के लिए स्व. कोर्सेवाड़ा द्वारा किए गए कार्य हमेशा याद किए जाएंगे। उनका निधन अपूरणीय क्षति है और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. डोमन लाल कोर्सेवाड़ा को लोग उनके वास्तविक नाम से ज्यादा ‘गुरुजी’ के नाम से जानते थे। उनका सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पण उन्हें एक अलग पहचान दिलाता था। वे हमेशा समाज के हित और क्षेत्र के विकास के लिए सक्रिय रहे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्व. कोर्सेवाड़ा से जुड़ा एक आत्मीय प्रसंग भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जब कोर्सेवाड़ा हैदराबाद में उपचार के लिए भर्ती थे, तब उन्होंने स्वयं फोन कर उनका हालचाल जाना था। साथ ही प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल को भी उनका हाल जानने के लिए हैदराबाद जाने के निर्देश दिए थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. कोर्सेवाड़ा का सामाजिक योगदान और जनसेवा के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी रहेगा। अहिवारा के शासकीय महाविद्यालय का नाम उनके नाम पर रखने की घोषणा उनके प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि का प्रतीक है।

राज्य खबर