Chhattisgarh: चिता के पास तंत्र साधना का आरोप… गुस्साए लोगों ने बाबा को पीटा

Chhattisgarh: चिता के पास तंत्र साधना का आरोप… गुस्साए लोगों ने बाबा को पीटा

बिलासपुर, 04 नवम्बर। Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में श्मशान घाट पर तंत्र साधना करने और महिला की चिता से हड्डियां निकालने के आरोप में एक बाबा की लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मारपीट में बाबा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चिता के पास तंत्र साधना करने का आरोप

मामला कोनी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 1 नवंबर को कोनी निवासी अनिता यादव ने आत्महत्या कर ली थी। उसी शाम परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार किया था। आरोप है कि रात में शिवराम बाबा कुछ लोगों के साथ श्मशान घाट पहुंचा और महिला की जलती चिता के पास कथित तौर पर तंत्र साधना करने लगा।

चिता से सिर और हड्डियां गायब होने का दावा

मृतका के परिजनों का दावा है कि चिता से महिला का सिर और हड्डियां गायब मिलीं। मौके पर मौजूद एक बुजुर्ग ने बताया कि बाबा मंत्र पढ़ते हुए चिता पर शराब की बूंदें डाल रहा था। उसने यह भी दावा किया कि हड्डियां बाबा ने निकाली थीं, लेकिन उन्हें कहां रखा गया, इसकी जानकारी नहीं है।

गुस्साए लोगों ने बाबा को पीटा

इस घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों ने शिवराम बाबा को पकड़ लिया। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई कर दी। वायरल वीडियो में लोग बाबा को जमीन पर घसीटते, बाल पकड़कर खींचते और लात-घूंसों से मारते दिखाई दे रहे हैं।

सिम्स अस्पताल में भर्ती, पुलिस कर रही जांच

मारपीट में बाबा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है। फिलहाल FIR दर्ज होने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस घटना से जुड़े आरोपों और वायरल वीडियो की जांच कर रही है।

वायरल