Chhattisgarh: साय सरकार का बड़ा फैसला… 21 नए अधिकारियों की नियुक्ति

Chhattisgarh: साय सरकार का बड़ा फैसला… 21 नए अधिकारियों की नियुक्ति

रायपुर, 09 सितम्बर। Chhattisgarh: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के 21 नवचयनित सहायक संचालकों (योजना) को नियुक्ति पत्र सौंपे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों का विकास आज की जरूरतों के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ बनने के बाद पहली बार नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई है। इससे विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे शहरीकरण को बेहतर तरीके से व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

25 साल में 17 नियुक्तियां, अब एक साथ 21 अधिकारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्षों में विभाग में कुल 17 सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई थी, जबकि इस बार एक साथ 21 युवा अधिकारियों को नियुक्ति दी गई है। सरकार का उद्देश्य विभागों को पर्याप्त और योग्य मानव संसाधन उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि शहरों के बढ़ते विस्तार को देखते हुए आवास, सड़क, परिवहन, सार्वजनिक स्थान, जल निकासी और अन्य सुविधाओं की पहले से योजना बनाना जरूरी है।

जनहित और पारदर्शिता को दें प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने नवचयनित अधिकारियों से कहा कि टाउन प्लानिंग सिर्फ नक्शा बनाने का काम नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध लोगों के जीवन और शहरों के भविष्य से है। अधिकारियों को अपने काम में ईमानदारी, संवेदनशीलता और पारदर्शिता को प्राथमिकता देनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों से अपनी तकनीकी शिक्षा और आधुनिक ज्ञान का इस्तेमाल प्रदेश के बेहतर नियोजन के लिए करने की अपील की।

ढाई साल में 15 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर देने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न विभागों में 15 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं।

पुलिस विभाग में 7 हजार से अधिक, शिक्षा विभाग में 3 हजार से अधिक और बिजली विभाग में 1200 से अधिक नियुक्तियां किए जाने की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

विकसित छत्तीसगढ़ के लिए सुनियोजित शहरी विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर : विजन 2047’ के जरिए प्रदेश के विकास की दिशा तय की है।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए आधुनिक और वैज्ञानिक टाउन प्लानिंग जरूरी है। वहीं वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों की ऊर्जा और आधुनिक सोच से विभाग के कामकाज को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, नवचयनित सहायक संचालक और उनके परिजन भी मौजूद रहे।

राज्य खबर