अंबिकापुर, 19 अक्टूबर। Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। रविवार शाम प्रतीक्षा बस स्टैंड परिसर में दो पुलिसकर्मी कथित तौर पर नशे की हालत में मिले। हैरानी की बात यह रही कि उनके पास सरकारी INSAS राइफल भी लावारिस हालत में पड़ी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राइफल को अपने कब्जे में लिया।
कैदी छोड़ने अंबिकापुर आए थे पुलिसकर्मी
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मी दुर्ग जिले से एक कैदी को छोड़ने अंबिकापुर आए थे। इनमें एएसआई जीवन राम एक्का और एक आरक्षक शामिल बताए जा रहे हैं। आरोप है कि कैदी को छोड़ने के बाद दोनों ने शराब पी और प्रतीक्षा बस स्टैंड परिसर में नशे की हालत में पहुंच गए।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सरकारी INSAS राइफल को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और दोनों पुलिसकर्मियों को वहां से हटाया। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी गई है।
लावारिस राइफल मिलने से सुरक्षा पर उठे सवाल
सार्वजनिक स्थान पर सरकारी INSAS राइफल का बिना सुरक्षा के पड़ा मिलना गंभीर लापरवाही की आशंका पैदा करता है। अगर यह हथियार किसी अनधिकृत व्यक्ति के हाथ लग जाता, तो गंभीर घटना हो सकती थी। इस घटना ने पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी और सरकारी हथियारों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि सरकारी हथियार को लावारिस हालत में छोड़ने की परिस्थितियां क्या थीं और दोनों पुलिसकर्मियों की भूमिका कितनी लापरवाहीपूर्ण रही। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी या नहीं, इस संबंध में स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।


