Chhattisgarh High Court: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मिला नया चीफ जस्टिस… जस्टिस कृष्ण राम महापात्र ने ली शपथ

Chhattisgarh High Court: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मिला नया चीफ जस्टिस… जस्टिस कृष्ण राम महापात्र ने ली शपथ

रायपुर, 07 सितम्बर। Chhattisgarh High Court: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। जस्टिस कृष्ण राम महापात्र ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 16वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। लोकभवन में राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री शर्मा, मुख्य सचिव विकासशील समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

अब स्थायी मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी

जस्टिस कृष्ण राम महापात्र की नियुक्ति के साथ ही छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को स्थायी मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। इससे पहले जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

करीब चार दशक का न्यायिक अनुभव

जस्टिस कृष्ण राम महापात्र का जन्म 18 अप्रैल 1965 को हुआ था। उन्होंने बीए के बाद एलएलबी की पढ़ाई पूरी की और 7 फरवरी 1988 को उड़ीसा स्टेट बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया।

करीब 26 वर्षों की वकालत के दौरान उन्होंने सिविल, क्रिमिनल, सर्विस और संवैधानिक कानून से जुड़े मामलों में पैरवी की। वे राज्य सरकार के अतिरिक्त स्थायी वकील और ओडिशा लोक सेवा आयोग (OPSC) के अधिवक्ता भी रहे। इसके अलावा कई प्रमुख संस्थानों के कानूनी मामलों में भी उन्होंने प्रतिनिधित्व किया।

2015 में बने ओडिशा हाईकोर्ट के जज

जस्टिस कृष्ण राम महापात्र को 17 अप्रैल 2015 को ओडिशा हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। न्यायाधीश के रूप में उन्होंने मध्यस्थता, संवैधानिक अधिकारों और अन्य महत्वपूर्ण कानूनी मामलों की सुनवाई की।

अब करीब चार दशक के कानूनी और न्यायिक अनुभव के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली है।

राज्य खबर