Mahatari Vandan Yojana: महतारी वंदन योजना में बड़ी कार्रवाई… बस्तर में 5,925 अपात्र महिलाओं के नाम हटे

Mahatari Vandan Yojana: महतारी वंदन योजना में बड़ी कार्रवाई… बस्तर में 5,925 अपात्र महिलाओं के नाम हटे

बस्तर, 07 सितम्बर। Mahatari Vandan Yojana: छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना में अपात्र हितग्राहियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग की जांच के बाद बस्तर जिले में 5,925 महिला हितग्राहियों के नाम योजना की सूची से हटा दिए गए हैं। इनमें करीब 2 हजार ऐसी महिलाएं शामिल हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी थी।

जांच के दौरान कई हितग्राहियों के दस्तावेजों में गड़बड़ी मिली। वहीं कुछ ऐसी महिलाएं भी योजना का लाभ लेते पाई गईं, जो सरकारी सेवा में थीं और योजना के लिए पात्र नहीं थीं। ऐसे मामलों में हितग्राहियों को होल्ड कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

विभाग के अनुसार, कुछ मामलों में हितग्राही की मृत्यु की जानकारी समय पर अपडेट नहीं हो सकी, जिसके चलते उनके खातों में योजना की राशि पहुंचती रही। अब ऐसे मामलों में राशि की रिकवरी की जा रही है।

अब तक मृतक और अपात्र हितग्राहियों से 5 लाख 80 हजार 800 रुपये की रिकवरी की जा चुकी है। मृतक हितग्राहियों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं, जबकि अन्य मामलों में सत्यापन और कार्रवाई जारी है।

5,600 महिलाओं का e-KYC बाकी

बस्तर जिले में करीब 5,600 महिला हितग्राहियों ने अब तक e-KYC नहीं कराया है। विभाग इन हितग्राहियों का सत्यापन कर रहा है। e-KYC और सत्यापन पूरा नहीं कराने वाले हितग्राहियों के नाम भी योजना की सूची से हटाए जा सकते हैं।

महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये DBT के जरिए बैंक खाते में दिए जाते हैं। योजना की शुरुआत में बस्तर जिले की करीब 1 लाख 94 हजार महिलाओं को पहली किस्त का लाभ मिला था।

अब जांच और e-KYC की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि योजना का लाभ ले रहीं कितनी महिलाएं वास्तव में पात्र हैं।

राज्य खबर