रायपुर, 05 नवम्बर। Chhattisgarh: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महाराष्ट्र मिल्क फेडरेशन चुनाव में कथित गड़बड़ी और मिलावट के आरोपों को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपनी कथनी और करनी के कारण जनता का विश्वास खो चुके हैं। लगातार चुनावी हार से बौखलाकर वे भ्रामक प्रचार के जरिए लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।
जशपुर दौरे से लौटने के बाद रायपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने चक्रवात ‘अर्नब’ और ‘मुरासु’ से हुए नुकसान को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी जिलों के कलेक्टरों को नुकसान का सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। सर्वे में फसलों को हुए नुकसान, क्षतिग्रस्त मकानों और पूरी तरह टूट चुके घरों का आकलन किया जाएगा।
पटवारियों की हड़ताल पर CM की अपील
पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार कर्मचारी हितैषी है। कर्मचारियों को काम पर वापस लौटना चाहिए और अपनी मांगों को रखने के लिए दूसरे तरीके अपनाने चाहिए। उन्होंने कहा कि काम बंद रहने से आम जनता के साथ-साथ प्रदेश का भी नुकसान होता है।
कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर लोगों को भड़काने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान का जिक्र करते हुए बताया कि यह अभियान कई जिलों में आयोजित किया जा चुका है। रायपुर में होने वाली रैली में भी वे शामिल होंगे।


