रायपुर, 03 नवम्बर। CM Sai Delhi Visit: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सोमवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एवं एक्सपो-2026 के दौरान छत्तीसगढ़ के प्रदर्शनी स्टॉल पर नवीकरणीय ऊर्जा और हरित ऊर्जा विकास पर केंद्रित पुस्तक का विमोचन किया।
इस पुस्तक में छत्तीसगढ़ की रिन्यूएबल एनर्जी पॉलिसी, ऊर्जा क्षेत्र में निवेश के अवसरों, ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए संचालित योजनाओं और स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा विकास की संभावनाओं को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ ऊर्जा क्षेत्र में निवेश और नवाचार के नए अवसरों के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य हरित ऊर्जा को प्रोत्साहित करने के साथ छत्तीसगढ़ को स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि यह पुस्तक निवेशकों और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को राज्य की नीतियों, उपलब्ध संसाधनों और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में क्रेडा के अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सवन्नी, प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।


