Congress Protest News: नकटी विवाद पर कांग्रेस का हल्ला बोल… पुनर्वास की उठाई मांग

Congress Protest News: नकटी विवाद पर कांग्रेस का हल्ला बोल… पुनर्वास की उठाई मांग

रायपुर, 16 जुलाई| Congress Protest News: नकटी गांव में मकान तोड़े जाने के मामले को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज प्रभावित ग्रामीणों के साथ नकटी से राजभवन तक पदयात्रा पर निकले। हालांकि, राजधानी के तेलीबांधा चौक पर पुलिस ने पदयात्रा को रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और न्याय की मांग की।

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि बिना समुचित पुनर्वास व्यवस्था के गरीब परिवारों के मकान तोड़े गए, जिससे कई लोग बेघर हो गए। उन्होंने मांग की कि जिन परिवारों के मकान हटाए गए हैं, उन्हें उसी स्थान पर या उचित स्थान पर नए आवास उपलब्ध कराए जाएं।

बैज ने सरकार से सवाल किया कि यदि संबंधित जमीन अवैध थी, तो वहां वर्षों तक प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली कनेक्शन, राशन कार्ड और अन्य सरकारी सुविधाएं कैसे उपलब्ध कराई गईं। उनका कहना है कि लोगों को पर्याप्त सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था के बिना हटाना उचित प्रक्रिया के अनुरूप नहीं है।

कांग्रेस का दावा है कि कार्रवाई में बड़ी संख्या में मकान प्रभावित हुए, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने कुछ मकान भी शामिल हैं। पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और प्रभावित परिवारों के शीघ्र पुनर्वास की मांग की है।

दीपक बैज ने कहा कि यदि सरकार राहत और पुनर्वास की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाती है, तो कांग्रेस इस मामले को न्यायालय तक ले जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

राज्य खबर