Crime News: बिलासपुर में साइबर ठगी का बड़ा मामला… गुम मोबाइल के सिम से 1.12 करोड़ का लेन-देन

Crime News: बिलासपुर में साइबर ठगी का बड़ा मामला… गुम मोबाइल के सिम से 1.12 करोड़ का लेन-देन

बिलासपुर, 21 अक्टूबर। Crime News: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक निजी स्कूल संचालन समिति के अध्यक्ष का मोबाइल कोलकाता में गुम हो गया था, जिसके बाद शातिर चोरों और साइबर ठगों ने सिम कार्ड का दुरुपयोग कर उनके बैंक खाते से 1.12 करोड़ रुपये का भारी-भरकम संदिग्ध लेन-देन कर डाला। जब पीड़ित ने नया सिम निकलवाकर ईमेल चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

सिम फ्रीज न होने का उठाया फायदा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के राजकिशोर नगर निवासी प्रयास पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष डॉ. सचिन यादव 10 अगस्त को किसी काम से कोलकाता गए थे। वहां प्रवास के दौरान उनका जियो (Jio) सिम लगा मोबाइल फोन गुम हो गया। उन्होंने तुरंत सिम को फ्रीज कराने का प्रयास किया, लेकिन जरूरी दस्तावेज न होने के कारण वे ऐसा नहीं कर सके। इसके बाद उन्होंने करीब छह दिन बाद अपना पुराना नंबर दोबारा री-इश्यू (नया सिम) कराया।

ट्रायल के बाद एक दिन में किया 1.12 करोड़ का ट्रांजेक्शन

नया सिम चालू होने के बाद जब उन्होंने अपना ईमेल चेक किया, तो पता चला कि स्कूल के बैंक खाते से जुड़े इस नंबर का इस्तेमाल कर साइबर ठगों ने बड़ा खेल कर दिया है। ठगों ने पहले 14 अगस्त को 800 रुपये का एक छोटा ट्रायल ट्रांजेक्शन किया और इसके बाद एक ही दिन में 1.12 करोड़ रुपये का लेन-देन कर डाला। ठगी की इस रकम को देश भर के 100 से अधिक अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर (म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल) कर दिया गया।

खाते में बचे थे सिर्फ 29 रुपये

हैरानी की बात यह है कि जिस बैंक खाते से करोड़ों का लेन-देन हुआ, उसमें पहले से केवल 181 रुपये ही मौजूद थे। ठगी की इस वारदात के बाद खाते में अब महज 29 रुपये ही बचे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ठगों ने इस खाते का उपयोग अवैध रकम को खपाने के लिए ‘म्यूल अकाउंट’ (Mule Account) के तौर पर किया है। बिलासपुर पुलिस ने इस मामले में ‘जीरो पर कायमी’ कर केस डायरी आगे की जांच के लिए कोलकाता के न्यू मार्केट थाने भेज दी है।

क्राइम न्यूज