रायपुर, 26 अक्टूबर। Crime News: राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने 25.27 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नशीले पदार्थ के अलावा इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और मोबाइल फोन सहित कुल 1 लाख 61 हजार 920 रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे बिजली ऑफिस के पास ग्राहक की तलाश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेखर राव के रूप में हुई है, जो दुर्ग जिले के वैशाली नगर क्षेत्र का निवासी है।
पहले भी हेरोइन मामले में जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी फरवरी 2026 में भी हेरोइन से जुड़े मामले में जेल जा चुका है। उसके दोबारा नशे के कारोबार में संलिप्त पाए जाने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की है।
मामले में गंज थाना पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 21(बी) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।


