रायपुर, 05 सितम्बर। Dahi Handi Utsav: भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के मौके पर आज गुढ़ियारी के अवधपुरी मैदान में विशाल दही हांडी उत्सव का आयोजन किया जाएगा। सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति और श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से होने वाला यह आयोजन शाम 4 बजे से शुरू होगा।
यह उत्सव का 16वां साल है। कार्यक्रम में दही हांडी प्रतियोगिता के साथ कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों की गोविंदा टोलियां हिस्सा लेंगी।
विजेता टीम को 15 लाख रुपए का पुरस्कार
दही हांडी प्रतियोगिता की विजेता टीम को 15 लाख रुपए नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल अन्य टीमों को भी समिति की ओर से सांत्वना राशि दी जाएगी।
आयोजकों के मुताबिक, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित अलग-अलग क्षेत्रों की 26 से ज्यादा पुरुष और महिला गोविंदा टोलियां रजिस्ट्रेशन करा चुकी हैं। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के भंडारा, इंदौर और जबलपुर से भी टीमें प्रतियोगिता में शामिल होंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं रखा गया है।
बी प्राक और लखबीर सिंह लक्खा देंगे प्रस्तुति
दही हांडी उत्सव में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। मशहूर गायक बी प्राक, भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और छत्तीसगढ़ की लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर अपनी प्रस्तुति देंगी।
तीन तरह की प्रतियोगिता
उत्सव में पुरुष दही हांडी, महिला दही हांडी और ग्रीस लगे खंभे की दही हांडी प्रतियोगिता होगी। अलग-अलग राज्यों से आई गोविंदा टोलियां टीमवर्क और कौशल के जरिए दही हांडी फोड़ने का प्रयास करेंगी।
सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। पुलिस व्यवस्था के साथ एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की सुविधा भी रखी जाएगी। श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था भी की जाएगी।
आयोजक समिति ने सभी गोविंदा टोलियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। संयोजक बसंत अग्रवाल और सह-संयोजक हेमेन्द्र साहू ने रायपुरवासियों, कृष्ण भक्तों और युवाओं से बड़ी संख्या में उत्सव में शामिल होने की अपील की है।


