बिलासपुर, 03 अक्टूबर। Defamation Notice: बेलतरा में जमीन के सीमांकन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कानूनी नोटिस तक पहुंच गया है। भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष और सेलर सरपंच धनंजय सिंह ठाकुर को मानहानि का नोटिस भेजा है।
दरअसल, धनंजय सिंह ठाकुर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आरोप लगाया था कि खड़ी फसल के बीच उनकी जमीन की नाप-जोख कराने के लिए प्रशासनिक अमले पर विधायक की ओर से दबाव बनाया गया। उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर भी विधायक के राजनीतिक प्रभाव का आरोप लगाया था। ये आरोप कांग्रेस नेता के दावे हैं।
विधायक की ओर से भेजे गए कानूनी नोटिस में इन आरोपों को मानहानिकारक और छवि खराब करने वाला बताया गया है। नोटिस में कहा गया है कि राजस्व और सीमांकन से जुड़ी कार्रवाई प्रशासनिक अधिकारियों के स्तर पर होती है और इसमें विधायक की ओर से किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं किया गया।
नोटिस के मुताबिक, धनंजय सिंह ठाकुर को 48 घंटे के भीतर सोशल मीडिया पोस्ट हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए कहा गया है।
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि उन पर मिथ्या आरोप लगाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई है, जिसके चलते कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन अपना काम कर रहा है और सीमांकन की कार्रवाई में किसी तरह का राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं है।


