नई दिल्ली, 21 जुलाई। Delhi Protest: पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध तेज कर दिया है। छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास के पास प्रदर्शन किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल और पवन खेड़ा समेत कई वरिष्ठ नेता लोक कल्याण मार्ग पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं ने छात्रों पर हुए कथित अत्याचार को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने नारेबाजी कर रहे कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
राहुल गांधी ने साधा सरकार पर निशाना
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि छात्र मुद्दे पर जवाब मांगने के लिए कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकालकर पहुंचे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न तो जवाबदेही लेने को तैयार है और न ही संसद में इस विषय पर चर्चा कर रही है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं है।
पुलिस कार्रवाई पर कांग्रेस का आरोप
कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को बेरहमी से हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ हुई कार्रवाई पर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया है।
कांग्रेस का कहना है कि प्रदर्शन का उद्देश्य छात्रों के मुद्दों को लेकर सरकार से जवाब मांगना है, वही पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।


