Delhi Protest News: दिल्ली में CJP की तिरंगा रैली आज… 25 हजार जवान तैनात

Delhi Protest News: दिल्ली में CJP की तिरंगा रैली आज… 25 हजार जवान तैनात

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। Delhi Protest News: राजधानी दिल्ली में आज कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पार्टी ने शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन की तैयारी की है। इसके मद्देनजर नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में 25 हजार से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं। वहीं, निषेधाज्ञा लागू होने और सेंट्रल पार्क बंद रखने के फैसले से रैली के आयोजन पर अनिश्चितता बनी हुई है।

अभिजीत दीपके ने जताई गिरफ्तारी की आशंका

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। गुरुवार देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आशंका जताई कि गिरफ्तारी गुरुवार रात या शुक्रवार सुबह हो सकती है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कुछ तस्वीरें साझा करते हुए आरोप लगाया कि सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी उनका पीछा कर रहे हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

दीपके ने कहा कि वह अपने अभियान से पीछे नहीं हटेंगे। उनका कहना है कि तिरंगा फहराने के लिए जेल जाना पड़े, तो भी वह तैयार हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

पार्टी की रैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग प्रमुख मुद्दा है। इसके साथ ही CJP आशुतोष रांका और सौरव दास को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने का विरोध कर रही है।

पार्टी का आरोप है कि तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान गाने जैसी गतिविधियों के लिए लोगों को रोका नहीं जाना चाहिए। दीपके ने सवाल उठाया कि राष्ट्रीय ध्वज फहराने के मामले में नागरिकों के साथ अलग-अलग व्यवहार क्यों किया जाए।

सेंट्रल पार्क दो दिन बंद, ट्रैफिक पर भी असर संभव

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है। परिषद ने इसके पीछे प्रशासनिक कारण बताए हैं।

वहीं, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू हैं। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने के लिए कुछ लोगों को किसी उपयुक्त वैकल्पिक स्थान पर अनुमति देने के विकल्प पर विचार किया जा सकता है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर 3 बजे से कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में यातायात प्रभावित हो सकता है। जरूरत पड़ने पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। लोगों को यात्रा से पहले समय और रास्ते की योजना बनाने तथा संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

सुरक्षा के लिए कनॉट प्लेस और राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के आसपास निगरानी बढ़ाई गई है। क्षेत्र में CCTV कैमरों के जरिए भी नजर रखी जा रही है।

तीन दिन में दो बार हिरासत में लिए जाने का दावा

पार्टी नेताओं को पिछले कुछ दिनों में हिरासत में लिए जाने की घटनाओं के बाद CJP और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। पार्टी का कहना है कि उसके नेताओं को तीन दिनों के भीतर दो बार हिरासत में लिया गया। अभिजीत दीपके फिलहाल दिल्ली के मोतिया खान इलाके में ठहरे हुए हैं और उन्होंने प्रदर्शन जारी रखने की बात कही है।

मुंबई में भी होगा तिरंगा प्रदर्शन

CJP के ‘लहरा दो तिरंगा’ अभियान के तहत मुंबई में भी शुक्रवार को कार्यक्रम प्रस्तावित है। पार्टी को मुंबई के आजाद मैदान में प्रदर्शन करने की अनुमति मिली है।

National