नई दिल्ली। Election Expenditure: पांच राज्यों और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के बाद बीजेपी के चुनावी खर्च का ब्योरा सामने आया है। चुनाव आयोग को दी गई पार्टी की रिपोर्ट के मुताबिक, असम, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में बीजेपी के केंद्रीय कार्यालय ने कुल 529.38 करोड़ रुपये खर्च किए।
रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे ज्यादा खर्च पश्चिम बंगाल में हुआ। यहां बीजेपी ने करीब 286 करोड़ रुपये खर्च किए। इसमें 217.16 करोड़ रुपये सामान्य चुनाव प्रचार और 69.83 करोड़ रुपये उम्मीदवारों से जुड़े खर्च के रूप में दर्ज हैं। उम्मीदवारों को 58.80 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने की बात भी रिपोर्ट में कही गई है।
अन्य राज्यों की बात करें तो बीजेपी ने असम में 96.26 करोड़ रुपये, केरल में 82.67 करोड़ रुपये, तमिलनाडु में 51.56 करोड़ रुपये और पुडुचेरी में 11.89 करोड़ रुपये खर्च किए।
चुनावी अवधि में 1,494 करोड़ की प्राप्तियां
रिपोर्ट के अनुसार, चुनावी अवधि के दौरान बीजेपी को करीब 1,494 करोड़ रुपये की प्राप्तियां हुईं। चुनावी चक्र खत्म होने के बाद पार्टी का बैंक बैलेंस और नकद मिलाकर 7,689.06 करोड़ रुपये का क्लोजिंग बैलेंस बताया गया है।
चुनाव आयोग के नियमों के तहत उम्मीदवारों के चुनावी खर्च की सीमा निर्धारित होती है, जबकि राजनीतिक दलों के कुल चुनावी खर्च पर ऐसी वैधानिक सीमा नहीं है। चुनाव के बाद राजनीतिक दलों को अपने चुनावी खर्च का विस्तृत ब्योरा चुनाव आयोग के समक्ष प्रस्तुत करना होता है।


