रायपुर, 06 अक्टूबर। Employees Protest: पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ पावर कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों ने सोमवार को रायपुर में महारैली निकाली। 12 कर्मचारी संगठनों के बैनर तले बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी जुटे और सरकार के सामने अपनी मांगें रखीं। कर्मचारियों ने कहा कि अब उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि लिखित आदेश चाहिए।
कर्मचारी संगठनों का दावा है कि 6 अक्टूबर 2023 को OPS लागू करने को लेकर सैद्धांतिक सहमति बनी थी, लेकिन अब तक इसका अंतिम आदेश जारी नहीं किया गया है। कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन को अपने और परिवार के भविष्य की सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बताया।
महारैली के दौरान कर्मचारी संगठनों ने OPS लागू करने समेत कुल चार प्रमुख मांगें सरकार के सामने रखीं। संगठनों ने कहा कि लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर अब आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
कर्मचारी मंच ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो 18 नवंबर 2026 को 12 संगठनों से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। कर्मचारियों ने सरकार से जल्द लिखित आदेश जारी करने की मांग की है।


