भरतपुर, 12 अक्टूबर। Former BJP MLA Death: राजस्थान के भरतपुर जिले में स्टोन क्रशर दोबारा शुरू करने को लेकर चल रहा विवाद हिंसक टकराव में बदल गया। रविवार रात भौंडा गांव में ग्रामीणों और भाजपा के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना के पक्ष के लोगों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किए जाने के आरोप हैं। घटना में गंभीर रूप से घायल भड़ाना की जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
एक साल से बंद था स्टोन क्रशर
पुलिस वृत्ताधिकारी नीरज भारद्वाज के मुताबिक, संबंधित स्टोन क्रशर करीब एक साल से बंद था। इसे दोबारा शुरू करने को लेकर भड़ाना और स्थानीय ग्रामीणों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों ने भड़ाना पर चरागाह की जमीन पर कब्जा करने और अवैध खनन में शामिल होने के आरोप लगाए थे। उनका कहना है कि क्रशर दोबारा शुरू करने के विरोध में वे पिछले 10 से 15 दिनों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे।
दोनों पक्षों के बीच हुआ टकराव
ग्रामीणों के अनुसार, रविवार शाम भड़ाना करीब 40 से 50 लोगों के साथ क्रशर स्थल पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और टकराव हो गया। हालांकि, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं।
एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल
इस घटना में अतर सिंह भड़ाना और उनके सहयोगी गगन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले वैर अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद भड़ाना को जयपुर और शर्मा को भरतपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान भड़ाना ने दम तोड़ दिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पूर्व विधायक की मौत के बाद गांव में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और टकराव के कारणों तथा घटना में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।


