गुवाहाटी, 27 अक्टूबर। Hotel Bilas Inn Firing: असम की राजधानी गुवाहाटी में सोमवार रात होटल के पास हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। इस घटना में एक महिला और उसके बेटे समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मामले में आरोपी घनकांत गोगोई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी बरामद की गई है।
रात करीब 9 बजे हुई गोलीबारी
पुलिस आयुक्त पार्थ सारथी महंत के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 9 बजे बोरा सर्विस इलाके में होटल बिलास इन के पास हुई। गोलीबारी में कुल छह लोगों को गोली लगी थी। इनमें से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक अन्य घायल का इलाज जारी है।
लीज विवाद की आशंका
प्रारंभिक जांच में होटल के लीज विवाद को गोलीबारी की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब एक साल पहले हेलेना भराली के परिवार से होटल लीज पर लिया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक घटना के पीछे की असली वजह की पुष्टि नहीं की है।
महिला, उसके बेटे समेत चार मृतकों की पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतकों में हेलेना भराली, उनके बेटे देबर्षि कश्यप, उनके बड़े भाई भूदेव भराली और होटल में काम करने वाले नयन दास शामिल हैं। पांचवें मृतक की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जांच के दौरान स्पष्ट होगी।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी लीज विवाद और संपत्ति से जुड़े मतभेदों समेत सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।


