राहुल गांधी पर आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच तेज… CBI ने याचिकाकर्ता को पूछताछ के लिए बुलाया

राहुल गांधी पर आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच तेज… CBI ने याचिकाकर्ता को पूछताछ के लिए बुलाया

नई दिल्ली, 07 अगस्त। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाने वाले भाजपा सदस्य विग्नेश शिशिर को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने पूछताछ के लिए तलब किया है। शिशिर ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें सीबीआई कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। हालांकि, मामला अदालत में लंबित होने का हवाला देते हुए उन्होंने इससे अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया।

यह मामला इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ में विचाराधीन है। 12 मई 2026 को न्यायमूर्ति आर.एस. चौहान और न्यायमूर्ति बी.आर. सिंह की पीठ ने बंद कमरे में करीब दो घंटे तक सुनवाई की थी। इसके बाद 14 मई को जारी आदेश में अदालत ने कहा था कि सीबीआई ने राहुल गांधी की शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है और आठ सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट अदालत में पेश करेगी।

विग्नेश शिशिर ने अपनी आपराधिक रिट याचिका में आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने अपनी घोषित आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। उन्होंने मामले की जांच सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ED) से कराने की मांग की है। याचिका में आरोपों की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।

हाई कोर्ट ने इससे पहले सीबीआई और ईडी के अलावा केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT), वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग, कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय तथा गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (SFIO) को भी नोटिस जारी कर निर्धारित समय में जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए थे।

National