Jantar Mantar Protest Ban: जंतर-मंतर से हटेगा धरना-प्रदर्शन… अब इन जगहों पर होंगे आंदोलन

Jantar Mantar Protest Ban: जंतर-मंतर से हटेगा धरना-प्रदर्शन… अब इन जगहों पर होंगे आंदोलन

नई दिल्ली। Jantar Mantar Protest Ban: देश में सामाजिक और राजनीतिक आंदोलनों के प्रमुख केंद्र रहे जंतर-मंतर पर अब धरना-प्रदर्शन नहीं हो सकेंगे। गृह मंत्रालय की कमेटी की सिफारिश पर जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाने का फैसला लिया गया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। इस फैसले के बाद प्रदर्शनकारियों को अब दूसरे निर्धारित स्थलों पर प्रदर्शन करना होगा।

अब इन तीन जगहों पर कर सकेंगे प्रदर्शन

जंतर-मंतर की जगह अब दिल्ली में तीन अन्य प्रदर्शन स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का सीबीडी (CBD) ग्राउंड शामिल हैं। दिल्ली पुलिस इन स्थलों पर प्रदर्शन आयोजित करने के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी करेगी।

यह बदलाव 28 अप्रैल 2022 को जारी आदेश में आंशिक संशोधन के तहत किया गया है। नए नियमों के तहत प्रदर्शन स्थलों पर व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे।

‘अब पूरा देश जंतर-मंतर बनेगा’

इस फैसले पर CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब पूरा देश ही जंतर-मंतर बनेगा। उनका कहना है कि जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने के बावजूद लोगों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

गौरतलब है कि जंतर-मंतर लंबे समय से देश में विरोध-प्रदर्शनों का अहम केंद्र रहा है। निर्भया आंदोलन, वन रैंक-वन पेंशन की मांग, तमिलनाडु के किसानों का प्रदर्शन और साल 2023 में पहलवानों का धरना जैसे कई बड़े आंदोलन यहां आयोजित किए गए हैं।

कारोबारियों ने फैसले का किया स्वागत

जंतर-मंतर से प्रदर्शन दूसरी जगह स्थानांतरित करने के फैसले का नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन ने स्वागत किया है। संगठन का कहना है कि प्रदर्शनों के कारण आसपास के बाजारों में कारोबार प्रभावित होता था। इसके अलावा, आम लोगों को यातायात और सार्वजनिक सेवाओं से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

फिलहाल, इस फैसले के बाद नए प्रदर्शन स्थलों पर सुरक्षा, यातायात और प्रदर्शन की अनुमति से जुड़ी व्यवस्थाओं पर नजर रहेगी। साथ ही, यह देखना अहम होगा कि नई व्यवस्था के तहत प्रदर्शनकारियों को अपनी मांगें उठाने के लिए कैसी सुविधाएं मिलती हैं।

Breaking News