Jharkhand News: रांची में आज छात्रों का विधानसभा मार्च… 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

Jharkhand News: रांची में आज छात्रों का विधानसभा मार्च… 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

रांची, 10 अगस्त। Jharkhand News: JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्रों का आंदोलन आज और तेज हो गया। सरकार के साथ बातचीत बेनतीजा रहने के बाद छात्र विधानसभा घेराव के लिए मार्च पर निकल पड़े। पुरानी विधानसभा से नई विधानसभा की ओर बढ़ रहे छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड पार कर आगे बढ़ गए।

छात्र JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने और पूरे मामले की CBI जांच की मांग पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार ठोस फैसला नहीं लेती, आंदोलन जारी रहेगा।

सरकार ने 98% मांगें मानने का किया दावा

सरकार का कहना है कि छात्रों की करीब 98 प्रतिशत मांगें मान ली गई हैं। हालांकि, CGL परीक्षा मामले में CBI जांच की मांग पर सरकार ने अलग प्रस्ताव दिया है। सरकार के मुताबिक, मामले में वित्तीय लेन-देन की ED जांच, रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में जांच कमेटी और 90 दिनों में रिपोर्ट देने का प्रस्ताव रखा गया है।

छात्रों ने सरकार के इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया है और CBI जांच की मांग दोहराई है।

विधानसभा के आसपास कड़ी सुरक्षा

विधानसभा मार्च को देखते हुए रांची में 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। विधानसभा के आसपास BNS की धारा 163 लागू है। पुलिस ने सुरक्षा के लिए कई जगह बैरिकेडिंग की है और प्रदर्शन पर नजर रखी जा रही है।

प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की है। साथ ही उग्र प्रदर्शन या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

National