Kanwar Yatra: आंखों पर पट्टी बांधकर 180 KM की कांवड़ यात्रा… साथ चल रही गाय

Kanwar Yatra: आंखों पर पट्टी बांधकर 180 KM की कांवड़ यात्रा… साथ चल रही गाय

उत्तरप्रदेश, 08 अगस्तKanwar Yatra: उत्तरप्रदेश के मुजफ्फरनगर से गुजर रही एक कांवड़ यात्रा इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर बागपत के लिए निकले शिवभक्त सुनील भोला आंखों पर पट्टी बांधकर करीब 180 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर रहे हैं। खास बात यह है कि उनकी गाय भी पूरी यात्रा में उनके साथ चल रही है।

सुनील भोला के मुताबिक, उन्होंने 4 अगस्त की रात करीब 11 बजे हरिद्वार की हर की पौड़ी से गंगाजल उठाया और उसी समय अपनी आंखों पर पट्टी बांध ली। उनका संकल्प है कि 11 अगस्त को शिवरात्रि के दिन भगवान शिव का जलाभिषेक करने के बाद ही पट्टी खोलेंगे।

सुनील का कहना है कि आंखों पर पट्टी बांधना केवल धार्मिक संकल्प नहीं, बल्कि गोरक्षा का संदेश देने का माध्यम है। वह लोगों से गायों के साथ होने वाले अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने की अपील कर रहे हैं। इसी संदेश को लोगों तक पहुंचाने के लिए वह अपनी गाय को भी कांवड़ यात्रा में साथ लेकर चल रहे हैं।

हरिद्वार से बागपत जिले के शाहपुर बड़ौली गांव तक उनका करीब 180 किलोमीटर का सफर है। वह पिट्ठू बैग के साथ पैदल यात्रा कर रहे हैं और रास्ते में उनकी अनोखी कांवड़ यात्रा को देखने के लिए लोग रुककर जानकारी भी ले रहे हैं।

सुनील भोला ने सरकार से गोहत्या पर पूरी तरह रोक लगाने और गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग की है। उनका कहना है कि कांवड़ यात्रा के जरिए वह गोरक्षा का संदेश ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं।

Religion