केरल, 05 सितम्बर। Kerala Accident News: त्रिशूर में राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। हादसा कैपमंगलम के पास पनमपिक्कुन्नू में रात करीब 11:40 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु रजिस्ट्रेशन वाली कार गुरुवायूर से कोडुंगल्लूर की ओर जा रही थी। सड़क पर निर्माण कार्य के चलते उसी दिशा में एक लॉरी खड़ी थी। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर लॉरी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सभी मृतक कार में सवार थे और उनके तमिलनाडु के छात्र होने की आशंका है। मौके से डिंडीगुल के PSNA इंजीनियरिंग कॉलेज के एक छात्र का पहचान पत्र भी बरामद हुआ है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ पुलिस और दमकल एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने के लिए अग्निशमन कर्मियों को कार को काटना पड़ा।
पुलिस ने सभी शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज के मुर्दाघर में भेज दिया है। हादसे में शामिल कार का रजिस्ट्रेशन तमिलनाडु का बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


