जगदलपुर, 07 अगस्त। Kiran Singh Dev: सावन माह के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु की कामना को लेकर जगदलपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में महामृत्युंजय मंत्र जप एवं हवन का आयोजन किया गया। चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन पूर्णाहुति हवन के साथ हुआ।
आयोजन के तहत पंडितों द्वारा लगातार तीन दिनों तक महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया गया। चौथे दिन विधि-विधान से पूर्णाहुति हवन संपन्न हुआ, जिसमें बस्तर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पूर्णाहुति की पूजा किरण सिंह देव के बड़े भाई कुमार जयदेव ने संपन्न कराई।
इस धार्मिक आयोजन में विभिन्न समाजों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। आयोजकों का कहना है कि यह किरण देव के प्रति लोगों के स्नेह और आत्मीय संबंधों का प्रतीक है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद किरण देव का उपचार मेदांता अस्पताल में चल रहा है। उनकी ऑर्थो सर्जरी सफलतापूर्वक होने के बाद उनके उत्तम स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के लिए महामृत्युंजय जाप आयोजन समिति ने यह विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया।


