रायपुर, 24 सितम्बर। Kiran Singhdeo Raipur Returns: छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव बुधवार को करीब दो महीने बाद दिल्ली से स्वास्थ्य लाभ लेकर रायपुर लौट आए। स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचने पर भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। लंबे समय बाद अपने प्रदेश अध्यक्ष को वापस देखकर कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया।
किरण सिंह देव 29 जुलाई को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल हुए थे। उनकी कार हाईवे पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई थी। हादसे के बाद उन्हें पहले झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से दिल्ली भेजा गया था।
दिल्ली में उपचार और स्वास्थ्य लाभ के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ। इसके बाद बुधवार को वे रायपुर लौटे। उनके आगमन की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक एयरपोर्ट पहुंचे। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत कर स्वस्थ होकर लौटने पर खुशी जताई।
संगठन की गतिविधियों में होंगे सक्रिय
किरण सिंह देव के रायपुर लौटने के बाद अब उनके प्रदेश भाजपा संगठन से जुड़ी गतिविधियों में फिर से सक्रिय होने की उम्मीद है। स्वास्थ्य लाभ के दौरान भी उनके छत्तीसगढ़ लौटने को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा बनी हुई थी।
उनकी वापसी के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लगने की बात सामने आई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार किरण सिंह देव प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी आगे भी संभालेंगे।


