Mahadev Betting App Case: सौरभ चंद्राकर की भारत वापसी से छत्तीसगढ़ में सियासत तेज… कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा

Mahadev Betting App Case: सौरभ चंद्राकर की भारत वापसी से छत्तीसगढ़ में सियासत तेज… कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा

रायपुर, 03 नवम्बर। Mahadev Betting App Case: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के कथित सरगना सौरभ चंद्राकर की भारत वापसी के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर बीजेपी पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया है कि डबल इंजन की सरकार में इतना बड़ा अवैध सट्टा नेटवर्क आखिर कैसे बेखौफ संचालित होता रहा? इसे किन प्रभावशाली नेताओं और अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त था?

कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण से जुड़े सवालों के जवाब सामने आने चाहिए। उन्होंने पीएमओ तक इस नेटवर्क के तार जुड़े होने की चर्चाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जांच में पूरे नेटवर्क और उसके पीछे शामिल लोगों का खुलासा होना चाहिए।

बीजेपी पर संरक्षण देने का आरोप

सुशील आनंद शुक्ला ने सवाल किया कि जब केंद्र और राज्य दोनों जगह बीजेपी की सरकार थी, तब महादेव ऐप के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई? उन्होंने मांग की कि जांच केवल सट्टा संचालकों तक सीमित न रहे, बल्कि नेटवर्क को मिलने वाले राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण की भी पड़ताल होनी चाहिए।

सीएम साय और डिप्टी सीएम ने भी दी प्रतिक्रिया

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी को CBI की बड़ी सफलता बताया। उन्होंने कहा कि सट्टे की प्रोटेक्शन मनी किन-किन लोगों तक पहुंचती थी, इसका खुलासा जांच में होगा। वहीं डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि जांच के दौरान जिन लोगों के नाम सामने आएंगे, उन सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल सौरभ चंद्राकर से होने वाली पूछताछ पर सभी की नजरें टिकी हैं। अब देखना होगा कि जांच में महादेव सट्टा ऐप के राजनीतिक और प्रशासनिक कनेक्शन सामने आते हैं या नहीं।

राज्य खबर