Modi Cabinet Reshuffle: बीजेपी की राज्यसभा लिस्ट से बढ़ी हलचल… मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलें तेज

Modi Cabinet Reshuffle: बीजेपी की राज्यसभा लिस्ट से बढ़ी हलचल… मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलें तेज

नई दिल्ली, 06 अक्टूबर। Modi Cabinet Reshuffle: बीजेपी ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए 8 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। नई सूची में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा को दोबारा टिकट नहीं दिया गया है। दोनों का राज्यसभा कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसके बाद केंद्र सरकार में संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

हरदीप सिंह पुरी इस समय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हैं, जबकि बीएल वर्मा केंद्रीय राज्य मंत्री हैं। राज्यसभा सदस्यता समाप्त होने की स्थिति में मंत्री पद पर बने रहने के लिए संविधान में छह महीने की सीमा का प्रावधान है। ऐसे में नवंबर के बाद दोनों नेताओं की भूमिका को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, सरकार की ओर से मंत्रिमंडल में फेरबदल या दोनों मंत्रियों को हटाए जाने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

वहीं, पंकज चौधरी और हर्ष मल्होत्रा को लेकर भी चर्चा है। पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष हैं, जबकि हर्ष मल्होत्रा दिल्ली बीजेपी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। दोनों के पास संगठनात्मक पद होने के कारण ‘एक व्यक्ति-एक पद’ के तहत उनके मंत्री पद को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में भी अभी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है।

News and Politics