Monsoon Update: मानसून ने पकड़ी रफ्तार… कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़

Monsoon Update: मानसून ने पकड़ी रफ्तार… कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़

रायपुर, 12 सितम्बर। Monsoon Update: देश के कई राज्यों में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। उत्तराखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और राजस्थान में भारी बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं और कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं, छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में हसदेव नदी के तेज बहाव में तीन कॉलेज छात्र बह गए, जिनकी तलाश जारी है।

उत्तराखंड में चीन सीमा से लगी घाटियों का संपर्क टूटा

पिथौरागढ़ में कुलागाड़ नाले पर बना करीब 170 फीट लंबा बैली ब्रिज तेज बहाव में बह गया। पुल बहने से चीन सीमा से लगी व्यास, दारमा और चौदांस घाटियों का संपर्क टूट गया है। बताया जा रहा है कि यह पुल 27 अगस्त को ही बनाया गया था। इससे पहले 18 अगस्त को चट्टान गिरने से पुराना पुल क्षतिग्रस्त हो गया था।

छत्तीसगढ़ में हसदेव नदी में बहे 3 कॉलेज छात्र

जांजगीर-चांपा में हसदेव नदी के तेज बहाव में तीन कॉलेज छात्र बह गए। तीनों शुक्रवार को बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के आठ छात्र-छात्राओं के साथ देवरी गांव पिकनिक मनाने पहुंचे थे। नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया। उसे बचाने के लिए दो अन्य छात्र नदी में कूदे, लेकिन तेज बहाव में तीनों बह गए। फिलहाल उनकी तलाश जारी है।

बिहार में 44 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित

बिहार के 14 जिलों के 2,360 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। करीब 44 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य की आठ नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। वहीं, करीब 27,954 लोग राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं।

उत्तर प्रदेश के 26 जिलों में बाढ़

उत्तर प्रदेश में गंगा और यमुना समेत कई नदियां उफान पर हैं। राज्य के 26 जिलों में करीब चार लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। कई गांवों और रिहायशी इलाकों में पानी पहुंच गया है। कानपुर और उन्नाव में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।

मध्यप्रदेश और राजस्थान में भी बारिश का दौर

मध्यप्रदेश में 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल में बारिश के दौरान विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम हो गई। दमोह के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

वहीं राजस्थान में 29 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। अलवर, जयपुर और आसपास के इलाकों में तेज बारिश के कारण कई सड़कें जलमग्न हो गईं। राज्यों में लगातार बारिश के चलते प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।

मौसम