NEET-UG 2026 Paper Leak Controversy: CJP का ‘संसद चलो’ मार्च… दिल्ली में प्रदर्शनकारियों और पुलिस में टकराव

NEET-UG 2026 Paper Leak Controversy: CJP का ‘संसद चलो’ मार्च… दिल्ली में प्रदर्शनकारियों और पुलिस में टकराव

नई दिल्ली, 20 जुलाई| NEET-UG 2026 Paper Leak Controversy: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर सोमवार को दिल्ली में विरोध प्रदर्शन हुआ। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने जंतर-मंतर से संसद की ओर ‘संसद चलो’ अभियान के तहत मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई।

प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का बल प्रयोग किया। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया। CJP की ओर से शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग की जा रही है।

 

संसद के मानसून सत्र में भी उठा मुद्दा

प्रदर्शन के चलते संसद के मानसून सत्र में भी इस मुद्दे को लेकर हंगामा हुआ, जिससे सदन की कार्यवाही प्रभावित रही। विपक्ष ने छात्रों के मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

दिल्ली मेट्रो के पांच स्टेशन बंद

प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो के पांच स्टेशनों के गेट बंद कर दिए गए। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। संसद और आसपास के इलाकों में पुलिस तथा अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई।

भूख हड़ताल खत्म, सोनम वांगचुक का अनशन जारी

इस बीच CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी। वहीं, कार्यकर्ता सोनम वांगचुक अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद अपना अनशन जारी रखे हुए हैं।

CJP प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगें भी रखीं।

विपक्षी नेताओं ने किया प्रदर्शन का समर्थन

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संसद में प्रदर्शनकारियों पर कथित लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया और सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। वहीं आम आदमी पार्टी के नेताओं और समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने भी जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया।

फिलहाल दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

National