Nepal Flood: नेपाल में बाढ़-भूस्खलन से हालात गंभीर… छत्तीसगढ़ के 9 नागरिकों की मिली जानकारी

Nepal Flood: नेपाल में बाढ़-भूस्खलन से हालात गंभीर… छत्तीसगढ़ के 9 नागरिकों की मिली जानकारी

रायपुर, 29 अगस्त। Nepal Flood: नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की लगातार जानकारी जुटा रही है।

सरकार के अनुसार, नेपाल में प्रदेश से जुड़े 9 नागरिकों की स्थिति की जानकारी मिली है। इनमें दो नागरिकों के परिजनों से संपर्क हो चुका है। रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित हैं और वापस लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं। वहीं, बिलासपुर और सरगुजा से जुड़े दो नागरिकों के लापता होने की सूचना है।

मोनिका यादव के परिजनों से संपर्क

रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं। बाढ़ के बाद उनसे संपर्क टूटने की जानकारी सामने आई थी। अब प्रशासन ने उनके परिजनों से संपर्क स्थापित किया है और उनकी स्थिति से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।

मंजू राय चौधरी की भी जानकारी मिली

बिलासपुर निवासी 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं। प्रशासन ने उनके परिजनों से भी संपर्क स्थापित किया है। संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर उनकी स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है।

प्रियंका चौधरी और डॉ. मीना गुप्ता की तलाश

बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है। वह फिनलैंड की नागरिक हैं। प्रशासन संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है और उनकी सुरक्षित तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं, सरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता के भी नेपाल में लापता होने की जानकारी है। वह यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं। उनका अंतिम ज्ञात स्थान नेपाल-चीन सीमा स्थित रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय बताया गया है।

रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित

रायपुर के माना क्षेत्र से नेपाल गए पांच नागरिकों के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। इनमें दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर शामिल हैं। ये सभी 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।

नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों से समन्वय

राज्य सरकार नेपाल की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के माध्यम से वहां मौजूद प्रदेश के नागरिकों की जानकारी जुटाई जा रही है। लापता नागरिकों की तलाश और सुरक्षित वापसी के लिए नेपाल प्रशासन तथा केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

सरकार ने प्रभावित नागरिकों के परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है। प्रशासन की ओर से मिलने वाली नई जानकारी परिवारों तक पहुंचाई जा रही है।

International