Online Fraud Case: पेंशन अपडेट कराने के नाम पर रिटायर्ड रेलकर्मी से 7.49 लाख की ठगी

Online Fraud Case: पेंशन अपडेट कराने के नाम पर रिटायर्ड रेलकर्मी से 7.49 लाख की ठगी

रायपुर, 16 नवम्बर। Online Fraud Case: राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने रेलवे का कर्मचारी बनकर एक रिटायर्ड रेलकर्मी को अपना शिकार बनाया। आरोपी ने पेंशन से जुड़ी प्रक्रिया पूरी कराने और PPO नंबर अपडेट करने का झांसा देकर उनके बैंक खाते से 7 लाख 49 हजार 783 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। इस मामले में डीडी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ IT एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, विकास विहार कॉलोनी, रायपुरा निवासी श्रद्धा जोल्दे (52) ने शनिवार रात थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर की आधी रात उनके पति राजू जोल्दे के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को DRM ऑफिस का कर्मचारी बताया।

आरोपी ने राजू जोल्दे को बताया कि रिटायरमेंट के एक साल बाद रेलवे कर्मचारियों को PPO नंबर अपडेट कराना जरूरी होता है। इसी बहाने उसने उन्हें भरोसे में लिया और मोबाइल पर रेलवे का HRMS ऐप डाउनलोड करवाया। इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा से जुड़ा एक लिंक भी डाउनलोड कराया।

बताई गई प्रक्रिया पूरी करने के कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से 7 लाख 49 हजार 783 रुपए निकल गए। खाते से रकम ट्रांसफर होने की जानकारी मिलने पर परिवार को साइबर ठगी का पता चला। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की।

फिलहाल डीडी नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी के मोबाइल नंबर और ठगी की रकम जिन बैंक खातों में ट्रांसफर हुई है, उनकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

क्राइम न्यूज