रायपुर, 23 अक्टूबर। President Droupadi Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने युवाओं से बड़े सपने देखने, अपने ज्ञान और कौशल को निरंतर विकसित करने तथा अपनी सफलता को समाज और राष्ट्र की सेवा से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को ज्ञान के साथ विनम्रता, महत्वाकांक्षा के साथ नैतिकता और सफलता के साथ सेवा-भाव अपनाना चाहिए। युवाओं के व्यक्तिगत प्रयास जब सामूहिक और राष्ट्रीय लक्ष्यों से जुड़ेंगे, तभी देश की प्रगति को नई गति मिलेगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुआखाई के अवसर पर आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे।

नुआखाई हमारी संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक
राष्ट्रपति ने नुआखाई पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध परंपराओं, आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता का उत्सव है। यह पर्व कृषि संस्कृति को सहेजने, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और किसानों के परिश्रम का सम्मान करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि अन्न धरती की उदारता, प्रकृति के अनमोल उपहार और किसानों की मेहनत का प्रतीक है। इसलिए अन्न का सम्मान करना और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है।
असफलताओं से सीखें युवा, सेवा को बनाएं जीवन का हिस्सा
राष्ट्रपति ने युवाओं से जीवन में लगातार सीखते रहने, पुस्तकें पढ़ने, प्रश्न पूछने और नए कौशल विकसित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफलता और असफलता जीवन का हिस्सा हैं। असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र का निर्माण केवल बड़े फैसलों से नहीं, बल्कि करोड़ों नागरिकों के छोटे-छोटे ईमानदार प्रयासों से होता है। युवाओं को अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग जरूरतमंदों की मदद करने तथा समाज की समस्याओं का समाधान खोजने में करना चाहिए।
विकसित भारत के लिए महिलाओं की भागीदारी जरूरी
राष्ट्रपति ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए महिलाओं की समान भागीदारी आवश्यक है। देश की आधी आबादी को आगे बढ़ने के समान अवसर दिए बिना राष्ट्र पूरी क्षमता के साथ प्रगति नहीं कर सकता।
उन्होंने महिलाओं से समाज और राष्ट्र निर्माण में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। साथ ही पुरुषों और विशेषकर युवाओं से कहा कि वे अपनी बहनों और बेटियों को ऐसा वातावरण दें, जहां वे बिना किसी बाधा के अपने सपनों को पूरा कर सकें। महिलाओं के प्रति सम्मान केवल शब्दों में नहीं, बल्कि व्यवहार और दैनिक आचरण में भी दिखाई देना चाहिए।
नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे युवा
राष्ट्रपति ने छत्तीसगढ़ में हो रहे सकारात्मक बदलावों पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के प्रयासों तथा युवाओं की दृढ़ इच्छाशक्ति से प्रदेश के युवा नक्सलवाद के भटकाव से बाहर निकलकर मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। जहां कभी आतंक का अंधेरा था, वहां आज विकास का उजियारा फैल रहा है। इससे युवाओं और उनके परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आने के साथ प्रदेश और देश के विकास को भी गति मिल रही है।
राष्ट्रपति का जीवन बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता की ओर से स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का जीवन संघर्ष, सादगी, सेवा, शिक्षा और दृढ़ संकल्प की प्रेरणादायक मिसाल है। ओडिशा के एक छोटे से गांव से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने की उनकी यात्रा देश की बेटियों, युवाओं और जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नुआखाई छत्तीसगढ़ और ओडिशा की साझा सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने वाला पर्व है। इस अवसर पर सेवा सम्मान और युवा प्रबोधन का आयोजन सांस्कृतिक विरासत को समाज सेवा और युवा सशक्तीकरण से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है।
युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसरों का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की निर्णायक भूमिका होगी। राज्य सरकार शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता के अवसरों का विस्तार कर रही है।
उन्होंने बताया कि गीदम, कुनकुरी, जांजगीर-चांपा, मनेन्द्रगढ़ और कवर्धा में पांच नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए गए हैं। नवा रायपुर में नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित किया जा रहा है, जहां हर साल लगभग चार हजार युवाओं को आधुनिक तकनीक और व्यावसायिक प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य एआई मिशन के तहत छह लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने की योजना है। वहीं, स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति के तहत युवाओं के नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 100 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड बनाया गया है। प्रदेश में फॉरेंसिक यूनिवर्सिटी कैंपस, निफ्ट और नाइलिट जैसे संस्थानों की स्थापना की दिशा में भी पहल की गई है।
उन्होंने बताया कि चार वर्ष की सैन्य सेवा पूरी करने वाले छत्तीसगढ़ के अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया गया है।
रक्तदान महाकुंभ में 2,548 लोगों ने किया रक्तदान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित रक्तदान महाकुंभ में भाग लेने वाले रक्तदाताओं की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस अभियान में कुल 2,548 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिनमें 1,188 महिलाएं शामिल थीं। उन्होंने इसे प्रदेश की सेवा भावना, सामाजिक सहभागिता और नारी शक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


