रायपुर, 22 अक्टूबर। President Droupadi Murmu CG Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगी। गुरुवार को रायपुर पहुंचने के बाद वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। इस दौरान राष्ट्रपति लोक भवन में पूज्य माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये मूल्यवर्ग का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। वहीं, शाम को नुआखाई पर्व पर आयोजित सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी।
यह कार्यक्रम रायपुर के बुढ़ापारा स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में शाम 4 बजे आयोजित होगा। इसमें करीब 4 हजार युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद और रायपुर शहर के चारों विधायक भी मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा कड़ी
राष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए रायपुर पुलिस ने लोक भवन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। कार्यक्रम स्थलों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन और पुलिस अधिकारी सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रख रहे हैं।
23 अक्टूबर को जगदलपुर जाएंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 23 अक्टूबर को जगदलपुर पहुंचेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11 बजे वे मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित प्रसिद्ध मुरिया दरबार और सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी।
वन मंत्री केदार कश्यप ने लिया तैयारियों का जायजा
राष्ट्रपति के जगदलपुर दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। वन मंत्री केदार कश्यप ने लालबाग मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आम नागरिकों की सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रपति के दो दिवसीय प्रवास को लेकर रायपुर और जगदलपुर में प्रशासन अलर्ट है। दोनों शहरों में कार्यक्रमों के सुचारु संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।


