रायपुर, 22 अक्टूबर। President Droupadi Murmu CG Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उपस्थित रहे।
भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा जारी यह स्मारक सिक्का सिंधी समाज के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर है। पूज्य शदाणी दरबार, रायपुर की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी के सम्मान में जारी इस सिक्के के माध्यम से उनके जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। यह देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी समाज के लोगों के लिए गर्व का विषय है।


सिक्के पर अंकित है माता हासी देवी की छवि
भारत सरकार द्वारा जारी विशेष सिक्के के एक ओर पूज्य माता हासी देवी की छवि अंकित है, जबकि दूसरी ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से बुक कर सकेंगे।
संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने किया स्वागत
कार्यक्रम में पूज्य शदाणी दरबार, रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना सहित वरिष्ठ अधिकारी, शदाणी दरबार के सदस्य और देशभर से आए सिंधी समाज के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।


