रायपुर, 23 सितंबर। Raipur BalodaBazar FourLane: बलौदाबाजार से रायपुर के बीच सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर है। दोनों शहरों के बीच सड़क को फोरलेन करने की तैयारी तेज हो गई है। एनएच, वन और विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने रायपुर से खरोरा ब्लॉक के खोरसी गांव तक सर्वे पूरा कर लिया है।
सर्वे के दौरान करीब 17 हेक्टेयर जमीन सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आई है। अब संबंधित खसरों का प्रकाशन कर जमीन मालिकों से दावा-आपत्ति मंगाई जाएगी। पूरी परियोजना पर करीब 1500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
परियोजना के पहले चरण में धनेली से पुराने विधानसभा भवन तक 11.610 किलोमीटर सड़क को फोरलेन करने के लिए करीब 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं दूसरे चरण में विधानसभा से पलारी तक करीब 72 किलोमीटर सड़क को फोरलेन करने की योजना है।
वर्तमान में बलौदाबाजार से रायपुर पहुंचने में करीब 1 घंटे 45 मिनट का समय लगता है। फोरलेन सड़क बनने के बाद यह सफर करीब 1 घंटे में पूरा होने का दावा किया जा रहा है। परियोजना में जरूरत के अनुसार सर्विस लेन, चार बड़े फ्लाईओवर और कई ओवरब्रिज बनाने का भी प्रस्ताव है।


