रायपुर, 23 अगस्त। Raipur Conversion Case: राजधानी रायपुर के न्यू आनंद नगर में कथित धर्मांतरण को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। गांधी चौक निवासी 32 वर्षीय तरेन्द्र कुमार वर्मा ने तीन महिलाओं पर प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, तरेन्द्र कुमार वर्मा न्यू आनंद नगर में मोबाइल की दुकान चलाते हैं। उनकी पहचान सुषमा कौशिक, लक्ष्मी निषाद और सुरेखा रंगारे से पहले से थी। तीनों महिलाओं का उनकी दुकान पर आना-जाना भी बताया गया है।
प्रार्थना सभा में बुलाने का आरोप
शिकायत के अनुसार, सुषमा कौशिक ने तरेन्द्र को अपने घर में आयोजित प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए बुलाया था। तरेन्द्र का कहना है कि वह 21 अगस्त को दोपहर करीब 2:30 बजे वहां पहुंचे। सुषमा उन्हें अंदर लेकर गईं, जहां करीब 20 से 25 लोग प्रार्थना कर रहे थे।
तरेन्द्र ने आरोप लगाया कि इस दौरान सुषमा, लक्ष्मी और सुरेखा ने उन्हें ईसाई धर्म अपनाने के लिए कहा और प्रार्थना के जरिए परेशानियां दूर होने की बात बताई। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
थाने में आमने-सामने आए दोनों पक्ष
घटना के बाद तरेन्द्र ने अपने परिचितों को जानकारी दी। इसके बाद कुछ हिंदू संगठन के लोग तीनों महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर खमतराई थाने पहुंचे। इसी दौरान मसीही समाज से जुड़े लोग भी थाने पहुंच गए।
दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद थाना परिसर में विवाद की स्थिति बन गई। देर रात तक दोनों पक्ष थाने में मौजूद रहे। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज की।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अब दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रार्थना सभा में वास्तव में क्या हुआ था और क्या धर्म परिवर्तन के लिए किसी तरह का प्रलोभन या दबाव दिया गया था।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


