रायपुर, 05 अक्टूबर। Raipur Digital Arrest: रायपुर के खमतराई इलाके में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ठगों ने 66 वर्षीय कारोबारी को करीब 44 दिन तक डिजिटल अरेस्ट में रखने का डर दिखाकर 8.50 लाख रुपये ठग लिए।
ठगों ने खुद को CBI और IPS अधिकारी बताकर कारोबारी को धमकाया। उन्होंने कारोबारी पर 6.80 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल होने का आरोप लगाया। इसके बाद जेल भेजने और परिवार के सदस्यों को गिरफ्तार कराने की धमकी देकर लगातार पैसों की मांग की गई।
डर के कारण कारोबारी ने अपनी जमा-पूंजी के साथ सोने के जेवर बेचकर भी रकम जुटाई। 4 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच उन्होंने 9 बार अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए।
हर घंटे वीडियो कॉल पर निगरानी
ठग कारोबारी से लगातार वीडियो कॉल पर जुड़े रहते थे। उन्हें हर घंटे अपडेट देने और कारोबारी व उनकी पत्नी को कैमरे के सामने बैठे रहने के लिए कहा जाता था। इस दौरान दोनों पर लगातार दबाव बनाया गया।
कई दिनों तक ठगी का शिकार होने के बाद कारोबारी ने परेशान होकर अपने भाई को पूरी बात बताई। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक खातों, चैट और पैसों के लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। ठगी में शामिल आरोपियों की पहचान और उनके नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।


